उत्तर प्रदेशप्रदेश

राम मंदिर में दर्शन पास को लेकर बदला नियम, देर होने पर भी मिलेंगे रामलला के दर्शन

अयोध्या। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में रामलला के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है. अब दर्शन पास पर दर्ज समय निकल जाने के बाद भी उन्हें निराश होकर नहीं लौटना पड़ेगा. श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दर्शन पास के सॉफ्टवेयर में बदलाव किया है. इसके तहत श्रद्धालु उपलब्धता के आधार पर अपना दर्शन स्लॉट बदलवा सकेंगे.

इस नई व्यवस्था का सबसे ज्यादा फायदा दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा. रास्ते में देरी या किसी अन्य कारण से तय समय पर मंदिर नहीं पहुंचने पर भी दूसरे स्लॉट में दर्शन का मौका मिल सकेगा.

पहले समय निकलने पर बेकार हो जाता था पास

ट्रस्ट की ओर से रामलला के वीआईपी दर्शन के लिए दो तरह के पास जारी किए जाते हैं. इनमें सुगम पास ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बनते हैं. वहीं, विशिष्ट पास किसी ट्रस्टी या पुलिस-प्रशासन के अधिकारी की अनुशंसा पर ऑफलाइन जारी किए जाते हैं.

दोनों तरह के पास सुबह 7 बजे से रात 8:30 बजे तक सात अलग-अलग स्लॉट में जारी होते हैं. पहले पास पर दर्ज समय के भीतर ही दर्शन करना जरूरी था. समय निकलने पर सुरक्षा कर्मी प्रवेश नहीं देते थे. ऐसी स्थिति में श्रद्धालुओं को सामान्य दर्शन की कतार में जाना पड़ता था.

अब उपलब्धता के आधार पर बदल सकेगा समय

नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु अपने पास का समय बदलवा सकेंगे. हालांकि, इसके लिए दूसरे स्लॉट में पास उपलब्ध होना जरूरी है. उदाहरण के तौर पर किसी श्रद्धालु का पास शाम 5 से 7 बजे का है और वह समय पर नहीं पहुंच पाता है, तो वह उपलब्धता के अनुसार दोपहर 3 से 5 बजे या शाम 7 से रात 8:30 बजे वाले स्लॉट में बदलाव करा सकता है.

पास जारी करने वाले अधिकारी की आईडी जरूरी

स्लॉट बदलने की सुविधा सभी लॉगिन आईडी पर नहीं मिलेगी. जिस ट्रस्टी या पुलिस-प्रशासन के अधिकारी की लॉगिन आईडी से मूल पास जारी हुआ था, उसी आईडी से उसमें बदलाव किया जा सकेगा. यानी श्रद्धालु अपनी ओर से सीधे स्लॉट नहीं बदल पाएंगे.

दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

इस बदलाव से उन श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी, जो लंबी दूरी तय करके अयोध्या पहुंचते हैं. कई बार रास्ते में जाम, ट्रेन या अन्य कारणों से देरी हो जाती है. ऐसे में पहले उनका पास बेकार हो जाता था. अब दूसरे स्लॉट में जगह उपलब्ध होने पर उन्हें रामलला के दर्शन का अवसर मिल सकेगा.

Back to top button