छत्तीसगढ़प्रदेशराजनीति

धरमजयगढ़ में नितिन नवीन की गैरमौजूदगी पर सियासत तेज, विकास उपाध्याय ने भाजपा पर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो सके। खराब मौसम और विमान की निर्धारित स्थान पर लैंडिंग नहीं हो पाने के कारण उन्हें कार्यक्रम से दूर रहना पड़ा। हालांकि, उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभा को संबोधित किया। इस मामले को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा पर तंज कसते हुए निशाना साधा है।

विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन छत्तीसगढ़ में जनजातीय दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे, लेकिन अचानक उनका विमान खराब होने की बात कहकर उनके नहीं पहुंच पाने की जानकारी दी गई।

उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि आदिवासी समाज लंबे समय से इस दिन को ऐतिहासिक रूप में मनाता आ रहा है। लेकिन जिस तरह जनजातीय दिवस के नाम और कार्यक्रम के स्वरूप में बदलाव किया गया, उससे आदिवासी समाज के लोगों में नाराजगी है। उपाध्याय के मुताबिक, गांव-गांव में इसको लेकर आक्रोश था।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को इस नाराजगी की जानकारी पहले ही मिल गई थी। उन्हें आशंका थी कि कार्यक्रम में आदिवासी समाज का विरोध सामने आ सकता है और इसका असर पूरे देश में देखने को मिल सकता है। विकास उपाध्याय ने दावा किया कि इसी वजह से अचानक विमान खराब होने की बात सामने आई और नितिन नबीन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी हुए शामिल

धरमजयगढ़ में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित स्थानीय नेता और आदिवासी समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया था।

इस पूरे मामले में एक ओर खराब मौसम को नितिन नवीन के कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाने की वजह बताया गया है, वहीं दूसरी ओर विकास उपाध्याय ने इसे आदिवासी समाज की कथित नाराजगी से जोड़ते हुए राजनीतिक सवाल खड़े किए हैं।

Back to top button