प्रदेशमहाराष्ट्र

अमरावती में Air India की फ्लाइंग अकादमी को DGCA की मंजूरी, हर साल तैयार होंगे 180 नए पायलट

अमरावती। देश में पायलटों की बढ़ती मांग और प्रशिक्षण क्षमता को मजबूत करने की दिशा में Air India ने बड़ा कदम उठाया है। महाराष्ट्र के अमरावती स्थित बेलोरा एयरपोर्ट पर अपनी फ्लाइंग अकादमी स्थापित करने के लिए एयर इंडिया को नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से मंजूरी मिल गई है। इस अकादमी के माध्यम से हर साल 180 नए पायलट तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

करीब 10 एकड़ में फैली इस फ्लाइंग अकादमी में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें डिजिटल क्लासरूम, विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था, डिजिटल ऑपरेशन सेंटर और विशेष मेंटेनेंस सुविधा शामिल होगी। यहां 34 विमानों के जरिए प्रशिक्षुओं को पायलट बनने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

एयर इंडिया के मुताबिक, यह देश में किसी भारतीय एयरलाइन की ओर से शुरू की जाने वाली पहली फ्लाइंग अकादमी होगी। संस्थान में कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) हासिल करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य देश में पायलट प्रशिक्षण की क्षमता बढ़ाने के साथ ही विदेशी प्रशिक्षण संस्थानों पर निर्भरता कम करना है।

दरअसल, भारत में हवाई यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी के साथ विमानन क्षेत्र में कुशल पायलटों की मांग भी बढ़ रही है। वहीं, प्रशिक्षण विमानों की सीमित उपलब्धता, सीटों की कमी और लंबी प्रशिक्षण अवधि के चलते कई युवाओं को पायलट ट्रेनिंग के लिए विदेश जाना पड़ता है।

ऐसे में अमरावती में फ्लाइंग अकादमी की स्थापना को भारतीय विमानन क्षेत्र के लिए अहम पहल माना जा रहा है। इससे देश में पायलट प्रशिक्षण के अवसर बढ़ने और विमानन इकोसिस्टम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Back to top button