छत्तीसगढ़प्रदेश

पूर्व सांसद नंदकुमार साय हुए चोटिल, हेलिकॉप्टर से गृह ग्राम से रायपुर लेकर आए सीएम साय, निजी अस्पताल में कराया भर्ती

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर में अपने साथ रायपुर लेकर आए हैं। मुख्यमंत्री साय ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान उनके निवास के समीप ही एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इस दौरान वे रात में नंदकुमार साय के निवास पहुंचकर उनसे मिले और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पैर में चोट के कारण नंदकुमार साय को चलने-फिरने में तकलीफ हो रही थी। आज उन्हें रायपुर आना ही था, इसलिए नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकाप्टर से रायपुर ले आए, ताकि उन्हें यात्रा में असुविधा न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। उनके बेहतर उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।

कांग्रेस के आरोप में कोई सत्यता नहीं : सीएम

धान खरीदी को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर सीएम ने कहा, उनके आरोप में कोई सत्यता नहीं है। इस साल 360 धान खरीदी केंद्र नया बनाए हैं। कुल 3100 धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की तकलीफ ना हो।

Back to top button