
रायपुर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत धनेली सकरा स्थित कार्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नालसा की ‘आशा’ (जागरूकता, समर्थन, सहायता और कार्रवाई) योजना के अंतर्गत ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत आयोजित किया गया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के सचिव के मार्गदर्शन में 1 अक्टूबर 2026 से 28 जनवरी 2027 तक चलाए जा रहे विधिक साक्षरता कार्यक्रम के तहत पैरालीगल वालंटियर शिवानी शुक्ला ने ग्रामीणों और उपस्थित विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
शिविर में बताया गया कि बाल विवाह को समाप्त करना और देश की प्रत्येक बेटी को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के माध्यम से सशक्त बनाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए बालिकाओं की शिक्षा में निरंतरता बनाए रखना, कौशल विकास को बढ़ावा देना, महिलाओं को श्रम बल में शामिल करना और उनके पोषण संबंधी जरूरतों पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
18 वर्ष से पहले लड़की और 21 वर्ष से पहले लड़के की शादी अपराध
कार्यक्रम में बताया गया कि कानून के अनुसार 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह करवाने, उसमें सहयोग करने या इसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है, जिसमें जेल और जुर्माना शामिल है।
इसके साथ ही ग्रामीणों को बाल विवाह की सूचना प्रशासन तक पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। किसी भी स्थान पर बाल विवाह होने की जानकारी मिलने पर नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना देने की अपील की गई।
ग्रामीणों ने ली बाल विवाह रोकने की शपथ
शिविर के अंत में पैरालीगल वालंटियर शिवानी शुक्ला ने ग्राम सभा सचिव सहित उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह निषेध की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे न तो बाल विवाह में शामिल होंगे और न ही अपने आसपास बाल विवाह होने देंगे। साथ ही समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे।



