प्रदेशमध्यप्रदेश

बागेश्वर धाम में अनोखी दीपावली: शहीदों और सैनिकों के नाम प्रज्वलित 11 हजार देशी घी के दीप, धीरेंद्र शास्त्री ने दी शुभकामनाएं

छतरपुर। बागेश्वर धाम में हर साल की तरह इस बार भी दीपावली का पर्व भक्ति, उल्लास और राष्ट्रभक्ति के अनूठे संगम के रूप में मनाया गया। बागेश्वर सरकार के साथ देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बागेश्वर बालाजी मंदिर, यज्ञशाला और धाम परिसर में देशी घी के 11 हजार दीप प्रज्वलित किए। खास बात यह रही कि ये दीप देश के वीर शहीदों और सरहद पर तैनात सैनिकों को समर्पित किए गए।

बालाजी सरकार की पूजा-अर्चना और आरती के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सभी भक्तों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस तरह भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर दीप जलाए गए थे, उसी तरह आज हर सनातनी के घर दीप जलें। उन्होंने भावुक संदेश देते हुए कहा कि एक दीपक शहीदों के नाम जरूर जलाएं, क्योंकि सैनिक अपनी दीपावली छोड़कर देशवासियों की दीपावली सुरक्षित बनाने के लिए भारत माता के चरणों में अपना जीवन समर्पित कर देते हैं।

इस दीपोत्सव में जम्मू, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे। जम्मू से आए सुखबिंदर सिंह ने कहा कि घर से दूर बागेश्वर धाम जैसी पवित्र जगह पर गुरुजी के साथ शहीदों और देश की रक्षा कर रहे जवानों के नाम दीप जलाना उनके लिए सौभाग्य और अलग अनुभव है।

वहीं पहली बार धाम पर दीपावली मनाने पहुंचीं गुजरात निवासी कोमल और आयुषी ने बताया कि ओम, सात्विक और सीताराम की आकृतियों वाली रंगोली सजाकर दीप प्रज्वलित किए। उत्तराखंड से आए भक्त केवी पाल ने कहा कि घर पर परिवार के साथ त्योहार मनाते थे, लेकिन यहां हजारों भक्तों के साथ दीपावली मनाने का आनंद ही अलग है। कुल मिलाकर, बागेश्वर धाम की यह दीपावली सिर्फ रोशनी का उत्सव नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के प्रति आस्था, सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दे गई।

Back to top button