
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा राहुल गांधी की तुलना भगवान श्रीकृष्ण से किए जाने पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान शुरू हो गया है। भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने बघेल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे चाटुकारिता की पराकाष्ठा बताया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और राहुल गांधी की तुलना करना समझ से परे है। भूपेश बघेल को कम से कम कोई भी बयान देने से पहले उसकी मर्यादा और सीमा का ध्यान रखना चाहिए था।
संतोष पाण्डेय ने तंज कसते हुए कहा कि वह राहुल गांधी की तुलना दुशासन, दुर्योधन या कंस से करके इन पात्रों का अपमान नहीं करना चाहते। लेकिन चाटुकारिता की भी एक सीमा होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी में पद, कद और प्रतिभा का आकलन योग्यता के बजाय चाटुकारिता के आधार पर किया जाता है।
भाजपा सांसद ने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष देवकांत बरुआ ने भी चाटुकारिता की सारी सीमाएं पार करते हुए ‘इंदिरा इज इंडिया, इंडिया इज इंदिरा’ का नारा दिया था। अब उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राहुल गांधी को भगवान श्रीकृष्ण बताया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि कहां योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण और कहां राहुल गांधी!
पाण्डेय ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के शासनकाल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय प्रसिद्ध कविता ‘यह कदंब का पेड़ अगर मां! होता यमुना तीरे, मैं भी उस पर बैठ कन्हैया बनता धीरे-धीरे’ को सांप्रदायिक बताकर पाठ्यक्रम से हटाने की बात सामने आई थी। वहीं, आज कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए भगवान श्रीकृष्ण के नाम का इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को राजनीतिक बयानबाजी में धार्मिक और ऐतिहासिक प्रतीकों का इस्तेमाल करते समय मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।



