
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किसानों और राइस मिलर्स को लेकर दिए गए बयान पर कड़ा पलटवार किया है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि किसानों का हितैषी होने का दावा करने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री को अपने पांच साल के कार्यकाल का आत्ममंथन करना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, कांग्रेस शासनकाल की नीतियों और प्रशासनिक कार्रवाइयों के कारण प्रदेश के अन्नदाता खुद को अपमानित और प्रताड़ित महसूस कर रहे थे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल (2018–2023) में धान के अवैध भंडारण और परिवहन की जांच के नाम पर किसानों के खलिहानों और घरों की ‘माई कोठी’ (धान भंडारण कक्ष) तक छापेमारी की गई। उन्होंने कहा कि उस दौरान ऐसा माहौल बना दिया गया था, मानो प्रदेश का अन्नदाता कोई अपराधी या तस्कर हो। डॉ. मिश्रा ने कहा कि धान खरीदी की प्रक्रिया में बार-बार किए गए मनमाने बदलावों और प्रशासनिक दबाव ने किसानों के स्वाभिमान को गहरी ठेस पहुँचाई, जिसके चलते कई किसानों को मानसिक तनाव और संकट का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ किसानों पर सख्ती की गई, वहीं दूसरी तरफ विभिन्न अनियमितताओं और सिंडिकेट को संरक्षण मिलता रहा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने धान बोनस के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में केंद्र द्वारा समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने के बावजूद हर साल अंतर की राशि को घटाया गया। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी ही उपज की अंतर राशि पाने के लिए चार-चार किश्तों में महीनों तक भटकाया गया। भाजपा प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि जो नेता अपने कार्यकाल के बोनस की अंतिम किश्त तक समय पर नहीं चुका पाए, वे आज किस नैतिक आधार पर वर्तमान सरकार को किसानों के बोनस को लेकर नसीहत दे रहे हैं? डॉ. मिश्रा ने कहा कि इसके विपरीत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली वर्तमान भाजपा सरकार ने ‘कृषक उन्नति योजना’ के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ उनके सम्मान की भी रक्षा की है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने किसानों को कोचियों और बिचौलियों के चंगुल से मुक्त करने के लिए बड़ा निर्णय लिया है, जिसके तहत कम धान बेचने की स्थिति में भी किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से उनके पूरे पंजीकृत रकबे का लाभ प्रदान किया जा रहा है। भाजपा प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को तथ्यहीन बयानबाजी से बचना चाहिए। छत्तीसगढ़ के किसान कांग्रेस शासन की कार्यप्रणाली और वर्तमान भाजपा सरकार की किसान-हितैषी नीतियों के बीच के अंतर को भली-भांति समझते हैं।



