
रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सीए अमित चिमनानी ने कांग्रेस के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि किसानों को 3,100 रुपये एकमुश्त मिलना और महिलाओं को हर महीने महतारी वंदन योजना की राशि मिलना कांग्रेस को पच नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने तीन साल से भी कम समय में किसानों के खातों में 1.5 लाख करोड़ रुपये की राशि अंतरित की है। वहीं, महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।
चिमनानी ने कहा कि प्रदेश में 20 लाख से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है। राज्य में आधारभूत संरचना के विकास के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट रखा गया है। केवल सड़कों के निर्माण के लिए एक वर्ष में 9 हजार करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने कार्यकाल में कर्ज लेकर भ्रष्टाचार करने वाली कांग्रेस अब गलत आंकड़े पेश कर किसानों और महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता का विरोध कर रही है।
राज्य की वित्तीय स्थिति पर भी दिया जवाब
भाजपा प्रवक्ता ने राज्य के कर्ज और वित्तीय स्थिति को लेकर कहा कि सरकार ने बीते तीन वर्षों में 49,279 करोड़ रुपये का शुद्ध ऋण लिया है। उनके अनुसार, यह ऋण एफआरबीएम (FRBM) अधिनियम के तहत निर्धारित जीएसडीपी के 3 प्रतिशत की सीमा के भीतर है।
उन्होंने दावा किया कि राज्य की वित्तीय स्थिति संतुलित है और बकाया ऋण एफआरबीएम अधिनियम तथा केंद्रीय वित्त आयोग द्वारा निर्धारित ऋण सीमा के अंतर्गत है। उन्होंने यह भी बताया कि ब्याज भुगतान राज्य की राजस्व प्राप्तियों का 7.96 प्रतिशत है, जो निर्धारित 10 प्रतिशत की सीमा से कम है।
चिमनानी ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, महिलाओं और आम जनता के हित में योजनाओं को आगे बढ़ा रही है, जबकि कांग्रेस इन योजनाओं को लेकर अनावश्यक सवाल खड़े कर रही है।


