
सूरजपुर। प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के जाति का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है. अबकी बार छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मुद्दा उठाते हुए विधायक पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आधार पर चुनाव लड़ने का आरोप लगाया है.
प्रतापपुर के ग्राम गोटगवां में कांग्रेस का वोट बचाओ, देश बचाव कार्यक्रम आयोजित था. इस अवसर पर मौजूद दीपक बैज ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां के विधाय़क का मामला कोर्ट में लगा हुआ है. यहां के लोग लड़ रहे हैं कि हमारे विधायक आदिवासी नहीं हैं. राज्य स्तर पर कागज भी वापस आ गया है. जिस विधायक ने फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर जनता को ठगने का काम किया, उससे सावधान रहने की आवश्यकता है.
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र दुबे के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव समेत कांग्रेस के अनेक दिग्गज नेता मौजूद थे. बता दें कि प्रतापपुर विधानसभा से विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के जाति प्रमाण पत्र का मामला न्यायालय में लंबित है. ऐसे में छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का यह बयान सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.



